1041. प्रिंस विलियम का फाउंडेशन जीवाश्म ईंधन के सबसे बड़े समर्थकों में से एक बैंक में करता है निवेश

09 Jan 2026 Economy & Business
प्रिंस विलियम का रॉयल फाउंडेशन ऐसे बैंक में निवेश करता है, जो दुनिया में जीवाश्म ईंधन के सबसे बड़े समर्थकों में से एक है। साथ ही यह अपने आधे से ज्यादा निवेश को ऐसे फंड में रखता है, जिसके बड़ी खाद्य कंपनियों में शेयर हैं और वो वनों की कटाई से जुड़ी कंपनियों से पाम ऑयल खरीदता है। जबकि प्रिंस विलियम पर्यावरण संरक्षण की बात करते हैं। रॉयल फाउंडेशन ने 2021 में जेपी मॉर्गन चेस में 1.3 मिलियन डॉलर से अधिक राशि रखी और वह अब भी यहां निवेश करता है। फाउंडेशन ने ब्रिटिश फर्म Cazenove Capital Management की ओर से चलाए जा रहे फंड में भी 2 मिलियन डॉलर रखे। हालांकि, रॉयल फाउंडेशन ने ईमेल के जरिए कहा कि वह 2015 से नैतिक निवेश पर चर्च ऑफ इंग्लैंड के दिशानिर्देशों का पालन करता आ रहा है।

1042. उत्तर कोरिया ने ठुकराया दक्षिण कोरिया का आर्थिक सहायता का प्रस्ताव

09 Jan 2026 Economy & Business
आर्थिक संकट के बावजूद उत्तर कोरिया अपनी सैन्य और परमाणु शक्ति में वृद्धि करता जा रहा है। दक्षिण कोरिया ने आर्थिक सहायता का प्रस्ताव दिया और साथ ही परमाणु निरस्त्रीकरण की बात की, जिसे उत्तर कोरिया ने सिरे से खारिज कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग का कहना है कि उनका देश, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल के परमाणु निरस्त्रीकरण कदमों के बदले आर्थिक लाभ के मूर्खतापूर्ण प्रस्ताव को कभी स्वीकार नहीं करेगा। KCNA की रिपोर्ट में कहा गया है, किम यो जोंग ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति पर व्यक्तिगत हमले भी किए।

1043. थाईलैंड के मुख्य एयरपोर्ट पर वन्य जीव तस्करी के आरोप में भारतीय गिरफ्तार

09 Jan 2026 Economy & Business
थाईलैंड के मुख्य एयरपोर्ट पर वन्य जीवों की तस्करी के प्रयास में एक भारतीय को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से व्हाइट डेजर्ट फॉक्स, रैकून सहित अन्य जीवित वन्य जीव मिले, जिन्हें उसने एक प्लास्टिक की बास्केट में सामान के नीचे छिपाया था। एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में भारत से वन्य जीव तस्करी के मामले बढ़े हैं. हम इस पर नजर रख रहे थे। यह चौथा मामला है, जिसमें तस्कर भारतीय था। दरअसल, वन्य जीव तस्करी के लिए थाईलैंड एक केंद्र बन गया है, जहां से अक्सर ये जानवर चीन और वियतनाम को बेचे जाते हैं।

1044. NHS की चेतावनी- ऊर्जा बिल बढ़ने से ब्रिटेन में लोगों को रहना पड़ सकता है भूखा

09 Jan 2026 Law, Crime & Investigation
ब्रिटेन के स्वास्थ्य क्षेत्र के नेताओं ने चेतावनी दी है कि ऊर्जा मूल्य सीमा में वृद्धि से एक बड़ा मानवीय संकट पैदा हो सकता है। इस अक्टूबर में घरेलू ऊर्जा बिल 3,600 यूरो बढ़ने का अनुमान है। ऐसे में विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यूनाइटेड किंगडम के अधिकतर घरों में ईंधन की कमी हो सकती है। नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) ने मंत्रियों को लिखे पत्र में चेतावनी दी है कि बिल में बढ़ोतरी के साथ ही लाखों परिवारों को खाना छोड़ने या खराब परिस्थितियों में रहने में से किसी एक विकल्प को चुनना होगा। एनएचएस के चीफ एग्जीक्यूटिव मैथ्यू टेलर ने कहा कि यह समस्या देश भर में बीमारी की वजह बन सकती है।

1045. 37 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान के पायलटों को आई नींद, जानिए फिर क्या हुआ

09 Jan 2026 Defense & Military Affairs
इथियोपियन एयरलाइंस के दो पायलट सुडान के खार्तूम से इथियोपिया की राजधानी अदिस अबाबा के लिए उड़ान भरते समय सो गए और अपनी लैंडिंग से चूक गए। सोमवार को जब यह घटना घटी, तब विमान 37 हजार फीट की ऊंचाई पर था। फ्लाइट (ET343) ने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भी उतरना शुरू नहीं किया तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने अलर्ट जारी किया। ATC के तमाम प्रयासों के बाद भी पायलटों से संपर्क स्थापित नहीं हो पाया। हालांकि, अलार्म बजने के बाद पायलटों की नींद खुली। इसके बाद उन्होंने विमान को रनवे पर उतारने के लिए घुमाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और विमान सुरक्षित उतर गया।

1046. न्यूयॉर्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़, दो सप्ताह में दूसरी बार हुई ऐसी घटना

09 Jan 2026 Defense & Military Affairs
अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक मंदिर के बाहर मौजूद महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ दी गई। दो सप्ताह में गांधी प्रतिमा पर ये दूसरी बार हमला हुआ। 16 अगस्त की सुबह श्री तुलसी मंदिर के पास स्थित प्रतिमा को 6 लोगों ने हथौड़े से तोड़ दिया। इसके बाद प्रतिमा के चारों तरफ और सड़क पर नफरत भरे शब्द लिखे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए। इससे पहले 3 अगस्त को भी इसी गांधी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। न्यूयॉर्क में भारतीय दूतावास ने प्रतिमा तोड़े जाने की निंदा की। साथ ही जिन्होंने ये घृणित कार्य किया है, उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह मामला अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाया।

1047. सिर्फ 3 साल में 7 करोड़ ग्रामीण घरों में पहुंचा नल का पानीः पीएम मोदी

09 Jan 2026 Economy & Business
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि देश ने 10 करोड़ घरों में नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। हर घर जल उत्सव कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि अमृत काल की इससे अच्छी शुरुआत नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 3 साल में 7 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल के पानी से जोड़ा गया, जबकि सात दशकों में सिर्फ 3 करोड़ घर ही इससे जुड़े सके थे। गोवा में सभी ग्रामीण परिवार नल के पानी से जुड़ गए हैं। गोवा की इस उपलब्धि के मद्देनजर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव व दादरा नगर हवेली ने भी यह कीर्तिमान हासिल किया है।

1048. फीफा के बैन के बाद भारतीय महिला फुटबॉलर निराश, AFC चैंपियनशिप में खेलने से रोका गया

09 Jan 2026 Sports / Records
फुटबॉल की सर्वोच्च संचालक संस्था फीफा (FIFA) की तरफ से अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) पर बैन लगाने के बाद भारतीय महिला फुटबॉलर अपने भविष्य को लेकर निराश और अनिश्चितता में हैं। फीफा के बैन के बाद अक्टूबर में होने वाले अंडर 17 महिला विश्वकप की मेजबानी का अधिकार भी भारत से छिन गया है। यही नहीं भारत के घरेलू क्लब एएफसी प्रतियोगिताओं में भी भाग नहीं ले पाएंगे। घरेलू क्लब गोकुलम केरल की महिला टीम जब एएफसी महिला क्लब चैंपियनशिप में खेलने के लिए ताशकंद पहुंची तो उन्हें बैन की जानकारी मिली। गोकुलम को अयोग्य टीम घोषित करने पर क्लब कैप्टन आशालता देवी ने कहा कि हमने एएफसी ट्रॉफी जीतने के लिए काफी मेहनत की थी। टीम में सभी दुखी हैं।

1049. 1,000 करोड़ रुपये के 'फ्री गिफ्ट' लेकर Dolo-650 लिख रहे थे डॉक्टर: CBDT

09 Jan 2026 Economy & Business
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने पैरासिटामोल दवा Dolo-650 बनाने वाली फार्मा कंपनी पर दवा लिखने के लिए डॉक्टरों को 1,000 करोड़ रुपये के 'मुफ्त उपहार' देने का आरोप लगाया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने SC में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील संजय पारिख ने जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली बेंच को बताया कि 500 मिलीग्राम तक के किसी भी टैबलेट का बाजार मूल्य सरकार द्वारा नियंत्रित होता है। इसमें डोलो 500 मिलीग्राम तक के टैबलेट भी आते हैं। लेकिन 500 मिलीग्राम से ऊपर की दवा की कीमत निर्माता कंपनी खुद तय कर सकती है। ऐसे में डोलो 650 मिलीग्राम टैबलेट के लिए डॉक्टरों को 'मुफ्त उपहार' दिए गए और मुनाफा कमाया गया।

1050. भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहते हैं पाक पीएम, पर कश्मीर राग अलापना नहीं भूले

09 Jan 2026 Defense & Military Affairs
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है। साथ ही उन्होंने कश्मीर राग भी अलापा। उन्होंने कश्मीर को लेकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और कश्मीरियों की इच्छा के अनुसार इस विवाद का न्यायसंगत और शांतिपूर्ण समाधान निकालना आवश्यक है। उन्होंने विश्व समुदाय से इस संबंध में मददगार भूमिका अदा करने का आग्रह किया। दरअसल, पाक पीएम ने ये बातें पाकिस्तान में ऑस्ट्रेलिया के नए उच्चायुक्त नील हॉकिन्स के साथ बैठक के दौरान कहीं, जिन्होंने इस्लामाबाद में उनसे मुलाकात की थी।

Total Current Affairs: 1160